राष्ट्रीय खेलों के शुभंकर मौली को नया अवतार दिया गया है। सफेट टी-शर्ट में मौली को इसमें थोड़ा मोटा दर्शाया गया था। अब सात वर्ष बाद जो नया शुभंकर जारी हुआ है, उसमें मौली पहले से अधिक चुस्त, दुरुस्त व एक एथलीट के रूप में नजर आ रहा है। साथ ही लोगो को भी नए सिरे से बनाया गया है।
राष्ट्रीय खेलों के लिए बनाई गई मशाल में राज्य पुष्प ब्रह्मकल व सदानीरा गंगा के चिह्न भी नजर आएंगे। इसके अलावा विभिन्न प्रचार-प्रसार सामग्री में लोक कला ऐपण भी नजर आएगी।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में राष्ट्रीय खेलों के लिए छह टन स्क्रैप से एक टाइगर भी बनाया गया है। इसे बनाने में 20 दिन लगे हैं। यह खेलों के दौरान दर्शकों का ध्यान खींचेगा।
‘38वें राष्ट्रीय खेलों का आयोजन राज्य के लिए सौभाग्य की बात है। उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष में खेलों के इतने बड़े आयोजन की मेजबानी के लिए हम उत्साहित है। इसके लिए पूरी तैयारी की गई है।’ -पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
मुख्यमंत्री श्री धामी ने बताया किदेशभर से 10 हजार से अधिक खिलाड़ी खेलों में प्रतिभाग करेंगे। सरकार खेल विवि भी जल्द बनाने जा रही है। इसके लिए सभी औपचारिकताओं को पूरा कर निर्माण कार्य को लेकर आगे बढ़ने वाले हैं। इसमें खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा। सीएम ने राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी को राज्य के युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया।