अमरोहा का आम विदेशों में अलग पहचान रखता है। हर वर्ष आम के लिए बड़े-बड़े आर्डर आते हैं। इस बार दुबई से चौसा आम की बहुत डिमांड आ रही थी। साथ ही भिंडी को लेकर भी बड़ा आर्डर मिला था। आम व भिंडी की पैकिंग मैंगो पैक हाउस में की गई थी। रविवार को डीएम राजेश कुमार त्यागी समेत अन्य अधिकारी मैंगो पैक हाउस पहुंचे। यहां से डीएम ने ढाई टन चौसा आम तथा 300 किलो भिंडी की खेप से लदे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

अमरोहा की बनी ढोलक को हर शुभ अवसर बजाया जाता है। अब उत्तर प्रदेश सरकार ने जब से फसल व सब्जियों का पैकिंग हाउस बनवाया है, इस जिले से मीठे आम और हरी सब्जियों को दूर के देशों में भेजा जा रहा है। नयी खेप में अमरोहा से चौसा आम और भिंडी को दुबई भेजा गया है।

अमरोहा के जिला अधिकारी ने एक गरिमामय समारोह ने ढाई टन चौसा आम तथा 300 किलो भिंडी की खेप से लदे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने कहा कि निर्यातकों से कहा कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। यदि उत्पाद उच्च क्वालिटी के होंगे तो अवश्य ही आपके उत्पादों की मांग देश और विदेश में बड़े स्तर पर हो सकेगी। अपील की कि व्यापारी मंडी समिति में बनाए गए इस मैंगो पैक हाउस का सदुपयोग करें। अपने उत्पादों को अधिक से अधिक निर्यात के लिए तैयार करें। इस अवसर पर सीडीओ अश्विनी कुमार मिश्र, एसडीएम सदर सुधीर कुमार, एसडीएम विभा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

आम के साथ-साथ अमरोहा की सब्जियां का स्वाद विदेशियों को खूब भा रहा है। यहां की हरी मिर्च दुबई के लोगों को खासी पसंद है। मई माह में मिर्च की खेप यहां से रवाना हुई थी। निर्यातक नदीम सिद्दीकी ने बताया कि दुबई से लगातार तुरई और करेला की मांग की जा रही है। यही नहीं कई आर्डर मिल भी चुके हैं। बताया कि जल्द ही इनकी खेप भी दुबई भेजी जाएगी।

गौरतलब है कि बनारस से लंगड़ा आम, गाजीपुर का परवल, सोनभद्र की हरी मिर्च, जौनपुर की मूली तथा अमरोहा के आम तथा सब्जी का स्वाद अब दुनिया के कई देशों के लोग ले सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किसानों की आय में इजाफा करने के लिए वाराणसी तथा अमरोहा में बनवाये गए इंटीग्रेटेड पैक हाउस (एकीकृत पैक हाउस) के कारण यह संभव हुआ। इन इन इंटीग्रेटेड पैक हाउस के शुरू होने पर वाराणसी के समीप वाले 13 जिलों और अमरोहा से नजदीक के सात जिलों के किसानों की आमदनी में इजाफा हुआ है। यूपिडा के अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्दी ही वाराणसी तथा अमरोहा जिले को सब्जी और फल निर्यात नए हब के रूप में भी देश में जाना जाने लगेगा।

अधिकारियों के अनुसार अमरोहा जिले में करीब 12 हजार हेक्टेयर भूमि पर आम के बाग हैं। जिले की कुल पैदावार में से करीब दो हजार मीट्रिक टन आम दूसरे राज्यों व विदेश में भेजा जाता है। खाड़ी देशों में अमरोहा आम खूब पसंद किया जाता है। इसी प्रकार वाराणसी के लंगड़ा आम को संसार भर में पसंद किया जाता है। इसके अलावा वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, चंदौली और संतकबीर नगर क्षेत्र में विदेशियों की पसंदीदा सब्जियां व फल होते हैं। वर्ष 2018-19 में उत्तर प्रदेश से 277.98 करोड़ रुपये के फल और सब्जी का निर्यात हुआ था। बीते साल भी वाराणसी तथा उसके आसपास के जिलों से कई टन भिंडी, हरी मिर्च, लौकी, तोरई, बैगन तथा मूली लन्दन, इटली, जर्मनी और दुबई भेजी गई थी।