वैष्णो देवी रोपवे प्रोजेक्ट के खिलाफ तेज विरोध प्रदर्शन तेज होता जा रहा है। माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति ने बुधवार को कटरा बंद का ऐलान किया है। समिति ताराकोट रोपवे परियोजना के विरोध सुबह 11 बजे होटल, गेस्ट हाउस, टैक्सी, ऑटो चालकों सहित सभी दुकानदार शालीमार पार्क में ​एक मीटिंग करेंगे। इस मीटिंग में आगे की रणनीति तय की जाएगी। माता वैष्णो देवी संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस और पीडीपी से भी समर्थन मिलेगा।

आपको बता दें कि श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने ताराकोट मार्ग से सांझी छत के बीच 12 किलोमीटर के मार्ग पर यात्री रोपवे परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट पर करीब 250 करोड़ रुपए खर्च ​किए जाएंगे। इस यात्रा मार्ग के दुकानदार, पिट्ठू और पालकी वालों के साथ स्थानीय लोग इस परियोजना का लगातार विरोध कर रहे हैं। इन सभी को अपनी आजीविका खत्म होने का डर सता रहा है।

रोपवे परियोजना का विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि रोपवे कटरा के बाजार को बायपास कर देगा। इससे तीर्थयात्रियों पर आश्रित हजारों दुकानदारों की आजीविका खत्म हो जाएगी। रोपवे के चालू हो जाने से श्री माता वैष्णो देवी की पारंपरिक यात्रा का मार्ग बंद हो जाएगा। उनका कहना है कि इसके शुरू होने बाद उनकी रोजी-रोटी पर खतरा मंडराएगा।