केंद्र सरकार अब नकली कीटनाशक, खाद और बीज बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जा रही है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे फर्जी उत्पाद बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
श्री चौहान ने हाल ही में मध्य प्रदेश के रायसेन और विदिशा जिलों का दौरा किया, जहां सोयाबीन की फसल नकली रसायनों के छिड़काव से बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने खेतों में जाकर नुकसान का जायजा लिया और कहा कि इस तरह की कंपनियों के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाया जाएगा।
मंत्री को किसानों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि नकली वीडिसाइड (खरपतवारनाशक) के कारण सोयाबीन की फसलें खराब हो रही हैं। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) ने एक जांच समिति गठित की है। यह समिति आज प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन कर रही है।
कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि दोषी पाए जाने वाली कंपनियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी ताकि किसानों को भविष्य में ऐसी समस्या का सामना न करना पड़े।