उत्तर प्रदेश में तीन महिला पीएसी बटालियन बनाने की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही कर चुके हैं। अब घोषणा के तहत बदायूं में इस वाहिनी के परिसर का काम भी जल्दी ही पूरा होगा। बदायूं महिला पीएसी बटालियन का नामकरण ‘वीरांगना अवंतीबाई महिला बटालियन’, लखनऊ की महिला पीएसी बटालियन का नामकरण ‘वीरांगना ऊदा देवी महिला बटालियन’ तथा गोरखपुर की महिला पीएसी बटालियन का नामकरण ‘वीरांगना झलकारी बाई महिला बटालियन’ किया गया है।

उल्लेखनीय है कि बदायूं में महिला पीएसी वाहिनी के अंतर्गत विभिन्न प्रकार के आवासीय-अनावासीय खंडों का निर्माण किया जा रहा है जिसमें 12 मंजिले प्रखंड भी शामिल हैं। परिसर का निर्माण 1.19 लाख स्क्वेयर मीटर क्षेत्र में होना है जिसमें से 55.54 हजार स्क्वेयर मीटर क्षेत्र में निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए नए सिरे से तैयारी की जा रही है।

बदायूं के सैजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी वाहिनी के परिसर निर्माण व विकास कार्यों को भी पूरा करने की प्रक्रिया को गति देने की तैयारी है। नियोजन विभाग द्वारा तैयार खाके के अनुसार, निर्माण व विकास कार्यों को पूरा करने के लिए एक साल की समयावधि निर्धारित की गई है।