बिहार में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय बागवानी और मुख्यमंत्री बागवानी मिशन चलाई जा रही है। इस योजना में बिहार में पहले से आम, केला और पपीता शामिल है। अब इसमें अमरूद को भी शामिल कर लिया गया है। पटना के किसान पहले छिटपुट अमरूद की खेती करते थे, लेकिन, अब इसे और भी बढ़ावा मिलेगा ।
सरकार ने मुख्यमंत्री बागवानी मिशन योजना में इस बार अमरूद को भी शामिल कर लिया है। इस योजना के तहत पटना जिले में पहली बार पांच हेक्टेयर में अमरूद की खेती की जाएगी। इस योजना का लाभ ऐसे किसान उठा सकते हैं जिसके पास कम से कम 25 डिसमिल जमीन हो। साथ ही सरकार किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी देगी ।
इच्छुक किसान इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए किसानों को विभागीय वेबसाइट horticulture.bihar.gov.in के लिंक पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। किसानों को इसमें पहले आओ पहले पाओ स्कीम के तहत योजना का लाभ मिलेगा।
बिहार की राजधानी में दो किस्मों की खेती की जाएगी जिसमें इलाहाबादी सफेदा और सरदार अमरूद शामिल हैं। इलाहाबादी सफेदा विटामिन सी, पोटैशियम और आयरन से भरपूर होता है। वहीं सरदार अमरूद को एल-19 के नाम से जाना जाता है। बिहार में पहली बार इसकी खेती की जाएगी। किसानों को दोनों प्रजातियों के पौधे कृषि विभाग जुलाई तक उपलब्ध कराएगा।
