मणिपुर में केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 20वीं किस्त के तहत 74,963 किसानों को कुल ₹18,09,88,000 (लगभग ₹18 करोड़) की राशि जारी की है। यह सहायता राज्य के किसानों को मजबूती देने और कृषि क्षेत्र को संबल प्रदान करने के उद्देश्य से दी गई है।

इस बीच, मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में अवैध धान की खेती की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए मोइरंग सर्कल की फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने शनिवार को खोइरेंटक और थम्नापोकपी क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस टीम का नेतृत्व उप-मंडलीय अधिकारी (SDO) चिरोम सोमरेन्द्रो ने किया। निरीक्षण के दौरान एसडीसी मोइरंग के अधिकारी और केंद्रीय बलों के जवान भी उपस्थित थे।

यह कार्रवाई उन ज़मीन मालिकों की शिकायतों के बाद की गई, जिन्होंने अवैध रूप से उनकी ज़मीन पर खेती किए जाने की बात कही थी। एसडीओ सोमरेन्द्रो ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों की निगरानी जुलाई से ही की जा रही है ताकि इस तरह की गतिविधियों को रोका जा सके।

उल्लेखनीय है कि बिष्णुपुर जिले में 4 जुलाई 2025 को फ्लाइंग स्क्वाड की स्थापना की गई थी, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में समन्वय बढ़ाना, शांतिपूर्ण खेती सुनिश्चित करना और अवैध कृषि गतिविधियों पर लगाम लगाना है।

इससे पहले जिले की उपायुक्त पूजा एलंगबम ने भी किसानों से मुलाकात की थी और उनकी समस्याएं सुनी थीं। किसानों ने अवैध खेती से सुरक्षा की मांग की थी, जिस पर उपायुक्त ने प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।