लखनऊ/झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में मूंगफली को एक प्रमुख नकदी और निर्यात योग्य फसल के रूप में विकसित करने की दिशा में तेज़ी से काम कर रही है। यूपी एग्रीज योजना के तहत झांसी को मूंगफली के एक समर्पित क्लस्टर के रूप में तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना का उद्देश्य किसानों को बेहतर आमदनी दिलाने के साथ ही मूंगफली को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाना है।
मूंगफली को मिल रहा है एमएसपी का लाभ
राज्य सरकार किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए मूंगफली की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद करवा रही है। चालू सत्र में मूंगफली का एमएसपी ₹6,783 प्रति क्विंटल तय किया गया है। नैफेड और एनसीसीएफ जैसे एजेंसियों के माध्यम से मैनपुरी, हरदोई, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ और अन्य जिलों में किसानों से सीधी खरीद की जा रही है।
बुंदेलखंड में दिख रहा प्रभाव
“यूपी एग्रीज” परियोजना, जिसे विश्व बैंक का सहयोग प्राप्त है, के तहत बुंदेलखंड के सात जिले — झांसी, जालौन, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा और चित्रकूट — को मूंगफली उत्पादन के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे किसानों की आमदनी में इजाफा होगा और प्रदेश मूंगफली निर्यात में नई पहचान बनाएगा।
उत्पादन में दर्ज हुई बढ़ोतरी
2013-2016 के दौरान उत्तर प्रदेश का देश के कुल मूंगफली उत्पादन में योगदान मात्र 2% था, जो अब बढ़कर 4.7% हो चुका है। यूपी में मूंगफली का उत्पादन अब 2.5 मिलियन टन के करीब पहुंच गया है।
औसत उत्पादन ने राष्ट्रीय स्तर को पछाड़ा
एक समय था जब यूपी में मूंगफली का औसत उत्पादन मात्र 809 किग्रा/हेक्टेयर था, जो अब बढ़कर 1688 किग्रा/हेक्टेयर से अधिक हो गया है। यह आंकड़ा अब राष्ट्रीय औसत से भी ऊपर है। सरकार की आधुनिक बीज, फसल सुरक्षा योजनाओं और तकनीकी मार्गदर्शन ने इस वृद्धि में बड़ी भूमिका निभाई है।
प्रदेश के प्रमुख मूंगफली उत्पादक जिले
मूंगफली की खेती यूपी में मुख्यतः झांसी, बांदा, महोबा, ललितपुर, मैनपुरी, इटावा, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, अलीगढ़, औरैया, कानपुर देहात, बदायूं, एटा, उन्नाव, लखनऊ और श्रावस्ती जैसे जिलों में की जाती है।
स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी
मूंगफली को “गरीबों का बादाम” कहा जाता है। इसमें उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन, असंतृप्त वसा, फाइबर और जरूरी विटामिन्स व खनिज भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो इसे रोजमर्रा की खुराक और उपवास दोनों के लिए उपयुक्त बनाते हैं।