23 जून को पर्यावरण संरक्षण के साथ राष्ट्रसेवा के प्रतीक बनेगा आयोजन
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर प्रदेशव्यापी वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ युवाओं को डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रनिष्ठ विचारों और बलिदान से परिचित कराना है।
हर जिले में होंगे पौधरोपण कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, वन विभाग ने सभी जिलों में पौधरोपण के लिए स्थलों का चयन कर लिया है। इन स्थलों पर स्थायी सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर अंकित होगा — “डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस – 23 जून 2025 को वृक्षारोपण”।
जनप्रतिनिधि और समाजसेवी संस्थाएं होंगी शामिल
वन विभाग को निर्देशित किया गया है कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की तैयारी है।
व्यापक तैयारी के निर्देश
प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी ने मंडलीय, जोनल और प्रभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पौधरोपण कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। चयनित स्थलों की जानकारी स्थानीय जनता को पहले से उपलब्ध कराई जाए, जिससे आमजन भी भाग ले सकें।
मुख्यालय को भेजी जाएगी पूरी रिपोर्ट
हर वन प्रभाग से यह अपेक्षा की गई है कि वे रोपे गए पौधों की संख्या, स्थान और आयोजन की पूरी जानकारी विभागीय मुख्यालय को भेजें, ताकि अभियान की निगरानी और आकलन प्रभावी रूप से हो सके।