भारतीय जनता पार्टी ही नहीं, कांग्रेस भी राजस्थान की लोकसभा सीटों पर फोकस कर रही है। शनिवार को जयपुर में कांग्रेस की बड़ी चुनावी रैली हुई। सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी तथा अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी सहित प्रधानमंत्री पर देश में मनमानी करके लोकतांत्रिक संस्थाओं को ख़त्म करने का आरोप लगाया।

जयपुर के विद्याधरनगर स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा -“केंद्र की बीजेपी सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान महंगाई अपने चरम पर पहुंच गई। आज बढ़ती कीमतों से माताओं-बहनों को रसोई चलाने में मुश्किलें हो रही हैं। इसलिए यह समय हताशा से भरा हुआ है, लेकिन जान लीजिए हताशा के साथ उम्मीद का भी जन्म होता है। मुझे पूरा यकीन है कांग्रेस के हमारे साथी न्याय के दीपक को सीने की आग से जलाएंगे और हजारों की आंधियों से संभाल आगे बढ़ेंगे।”

देश में लाखों लोगों के त्याग, बलिदान और तिरंगे के साथ ख़ुद को न झुकने देने के कारण बने लोकतंत्र में विपक्षी नेताओं को भाजपा में शामिल होने की धमकी दी गई है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि आज हमारे देश का लोकतंत्र खतरे में है। लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद किया जा रहा है। पिछले 10 साल में इस सरकार ने बेरोजगारी, महंगाई, अत्याचार को बढ़ावा देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ये सब तानाशाही है और हम सब इसका जवाब देंगे।

राजस्थान में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि एयरपोर्ट, आईआईटी और एम्स कांग्रेस लाई और पीएम मोदी कहते हैं देश का विकास हो रहा है। मैं देश के विकास के लिए काम कर रहा हूं। खड़गे ने कहा कि हम कभी झूठ बोलने वालों में नहीं है। जैसा मोदी झूठ बोलते हैं। हर जगह कुछ न कुछ नया झूठ बोलकर आते हैं। उन्होंने कितनी गारंटी हमसे पहले दी है।

प्रधानमंत्री की कथनी और करनी पर श्री खड़गे ने कहा -मोदी हमेशा लोगों को भ्रमित करते हैं। आपने देश के लिए कुछ नहीं किया, फिर भी कहते रहते हैं कांग्रेस वालों ने कुछ नहीं किया, 70 सालों में कुछ नहीं किया। खड़गे ने आगे कहा कि किसान परेशान हैं, आत्महत्या कर रहे हैं और राजस्थान में पीएम मोदी आकर कहते हैं कि मैंने 370 हटा दिया है। यह बात यहां क्यों बोलते हैं, जम्मू-कश्मीर में जाकर बोलें तो इसका कुछ मतलब है।

देश में लोकतंत्र पर ख़तरे का ज़िक्र करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कहा -प्रियंका गांधी ने कहा कि आप जो वोट डालने जा रहे हैं, वह देश के लोकतंत्र को बचाएगा। आप सोच रहे होंगे कि हमारा लोकतंत्र कैसे खतरे में है। ऐसा इसलिए है क्योंकि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए जो बड़ी-बड़ी संस्थाएं बनाई गई थीं, वे कमजोर हो रही हैं, उनका दुरुपयोग हो रहा है। जनता को अब ईवीएम पर भी भरोसा नहीं रहा। उन्हें नहीं पता कि वो जिसे वोट डालेंगे उसी को जाएगा या नहीं। आज देश में बेरोजगारी चरम पर है, 10 साल से भाजपा की सरकार ने इस समस्या के लिए कुछ नहीं किया।

भाजपा सरकार आते ही राजस्थान में चिरंजीवी योजना बंद हो गई। 25 लाख का बीमा अब 5 लाख हो गया। क्या ये पढ़ने को मिला। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं। आपके सीएमओ में तैनात सीआई के बेटे ने हत्या कर दी और आपने मामला तक दर्ज नहीं किया। 36 कौम के लोग राजस्थान में ऐसा गुल खिलाएंगे कि मोदी सरकार का मोरिया बोलेगा।

गौरतलब है कि बता दें कि इस रैली के जरिए कांग्रेस ने जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, सीकर, अजमेर, दौसा, अलवर लोकसभा क्षेत्रों की 40 विधानसभा सीटों को साधने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस की टॉप टीम ने चुनावी घोषणा पत्र लॉन्च किया।