नई एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) ने देश में रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए शनिवार को ₹2.3 करोड़ की स्टार्टअप इनोवेशन चैलेंज योजना की शुरुआत की है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, यह नवाचार चुनौती भारत के रूफटॉप सोलर और विकेन्द्रीकृत नवीकरणीय ऊर्जा (DRE) पारिस्थितिकी तंत्र के लिए बेहतर, सस्ती, समावेशी और पर्यावरण के अनुकूल तकनीकों की पहचान करने और उन्हें समर्थन देने के उद्देश्य से शुरू की गई है।

इस योजना को नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ सोलर एनर्जी (NISE) के सहयोग और स्टार्टअप इंडिया व DPIIT के समन्वय से लागू किया जा रहा है। इसे राष्ट्रीय नवीकरणीय ऊर्जा कार्यबल के लिए कौशल विकास सम्मेलन के दौरान लॉन्च किया गया।

इस चैलेंज के तहत स्टार्टअप्स से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जो ग्रीन टेक, IoT, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ब्लॉकचेन, निर्माण, एनर्जी हार्डवेयर, फिनटेक और वेस्ट मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में नवाचार कर रहे हैं।

₹2.3 करोड़ की कुल पुरस्कार राशि के तहत प्रथम पुरस्कार ₹1 करोड़, द्वितीय ₹50 लाख, तृतीय ₹30 लाख और 10 सांत्वना पुरस्कार के रूप में ₹5-5 लाख प्रदान किए जाएंगे।

विजेताओं को इनक्यूबेशन सपोर्ट, पायलट प्रोजेक्ट लागू करने का अवसर और विशेषज्ञों व निवेशकों से मार्गदर्शन भी मिलेगा, जो MNRE और NISE की मदद से सुनिश्चित किया जाएगा।

आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त है और विजेताओं की घोषणा 10 सितंबर को की जाएगी। इच्छुक स्टार्टअप्स Startup India की वेबसाइट https://www.startupindia.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

सरकार की यह पहल भारत में सोलर एनर्जी को सुलभ और व्यवहारिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।