बिहार विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर कड़ा रुख अपनाया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से ठीक पहले पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए समस्तीपुर जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।

भाजपा ने यह कार्रवाई उन नेताओं के खिलाफ शुरू की है जिन्होंने पार्टी या एनडीए के आधिकारिक प्रत्याशियों के खिलाफ निर्दल रूप में चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। पार्टी ने उपेंद्र कुशवाहा पर अनुशासनहीनता और पार्टी की छवि धूमिल करने का आरोप लगाते हुए उन्हें छह वर्षों के लिए भाजपा से निलंबित कर दिया है।

एनडीए प्रत्याशी के खिलाफ मैदान में उतरे

उपेंद्र कुशवाहा ने उजियारपुर विधानसभा सीट से भाजपा के अधिकृत उम्मीदवार के विरुद्ध निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया था। बताया जा रहा है कि वे इस सीट से भाजपा का टिकट पाने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन सीट गठबंधन के तहत राष्ट्रीय लोक जनशक्ति मोर्चा (रालोमो) को दे दी गई। इससे नाराज होकर उन्होंने निर्दल उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने का फैसला किया।

भाजपा का सख्त संदेश

भाजपा प्रदेश मुख्यालय से जारी पत्र में कहा गया है —
“श्री उपेंद्र कुशवाहा द्वारा एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ना दल विरोधी कार्य है। इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है। प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार उन्हें पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।”

पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सिर्फ एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहेगी। जो भी नेता पार्टी के अनुशासन का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ इसी प्रकार का कदम उठाया जाएगा।

पहले भी 6 नेताओं पर गिरी गाज

भाजपा ने इससे पहले भी एक विधायक समेत छह बागी नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था। उन पर भी एनडीए प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने के आरोप थे।
इन नेताओं में कहलगांव के विधायक पवन यादव भी शामिल थे, जिन्होंने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया था।

शाह के प्रयासों के बावजूद कुछ नेता डटे

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में तीन दिनों तक कैंप कर असंतुष्ट नेताओं से मुलाकात की थी। उनके प्रयासों से कई बागी नेताओं ने अपना नामांकन वापस लेते हुए पार्टी में वापसी की थी। हालांकि कुछ नेता अब भी डटे हुए हैं, जिन पर यह ताजा कार्रवाई की गई है।

पीएम मोदी का बिहार दौरा

पीएम मोदी गुरुवार को मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वे समस्तीपुर से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर चुके हैं। माना जा रहा है कि यह अनुशासनात्मक कार्रवाई पीएम मोदी के दौरे से पहले पार्टी संगठन को मजबूत संदेश देने के लिए की गई है।