गोरखपुर कांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एक्शन शुरू कर दिया है। पशु तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में विफल पुलिस अधीक्षकों को हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार को कुशीनगर और देवरिया के एसपी को हटा दिया गया, जबकि पशु तस्करों के दो स्थानीय मददगार भी पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।

पिपराइच क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की हत्या के बाद सरकार एक्शन मोड में है। मुख्यमंत्री के सख्त रुख को देखते हुए पुलिस और एसटीएफ दोनों स्तर पर ऑपरेशन तेज किया गया है।

लगातार तबादले, तीन एसपी डीजीपी मुख्यालय संबद्ध

गुरुवार को हुए तबादलों में कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्रा और देवरिया के एसपी विक्रांत वीर को हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया। अंबेडकरनगर के एसपी केशव कुमार को कुशीनगर और अलीगढ़ के एसएसपी संजय सुमन को देवरिया का नया एसपी बनाया गया है।

शासन ने गुरुवार को 10 जिलों के पुलिस अधीक्षकों समेत 16 आईपीएस अफसरों का तबादला किया है। इसमें आजमगढ़, कुशीनगर और देवरिया के एसपी को हटाकर डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध किया गया। बुधवार को भी 7 आईपीएस और 57 पीपीएस अफसरों की तैनाती में फेरबदल किया गया था।

ऑपरेशन क्लीन स्वीप

एडीजी जोन अशोक मुथा जैन ने पशु तस्करों के खिलाफ ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ शुरू कर दिया है। उन्होंने 11 जिलों के सभी पुलिस कप्तानों और डीआईजी को निर्देश दिए हैं कि हाईवे थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों की कुंडली तैयार की जाए और उन सभी आरोपितों का ब्यौरा भी जुटाया जाए जो गिरफ्तार, फरार या जमानत पर हैं। इस रिपोर्ट की मॉनिटरिंग रेंज के डीआईजी करेंगे।

तस्करों के नेटवर्क का खुलासा

गुरुवार को गिरफ्तार किए गए दो स्थानीय मददगार रेकी कर गोवंश की जानकारी तस्करों तक पहुंचाते थे। वहीं ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए बिहार के गोपालगंज निवासी अजब हुसैन के मोबाइल से पुलिस को पशु तस्करों के पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

प्रमुख फेरबदल

– कुशीनगर के एसपी संतोष कुमार मिश्रा और देवरिया के एसपी विक्रांत वीर को डीजीपी मुख्यालय संबद्ध
– अंबेडकरनगर के एसपी केशव कुमार बने कुशीनगर के एसपी
– अलीगढ़ के एसएसपी संजीव सुमन बने देवरिया के एसपी
– आजमगढ़, उन्नाव, हरदोई, सोनभद्र, प्रतापगढ़, अम्बेडकरनगर और औरैया के एसपी भी बदले गए

मुख्यमंत्री योगी के इस कदम को प्रदेश में पशु तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।