उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में जनपद स्तरीय किसान मेला एवं कृषि प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मेले एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।

इस अवसर पर कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और कृषि व मत्स्य पालन को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से नई तकनीक अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष राजेश मिश्र, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन मिश्र, नवीन शाही सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कृषि एवं मत्स्य विभाग सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वहीं आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।

मुख्य विकास अधिकारी के विशेष प्रयास एवं नवाचार के तहत जनपद की स्थानीय हल्दी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘देव हल्दी’ नामक नए उत्पाद का शुभारंभ भी किया गया, जिसकी किसानों एवं जनप्रतिनिधियों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान अन्नप्राशन संस्कार के अंतर्गत छह माह के बच्चों को खीर खिलाई गई तथा गर्भवती महिलाओं को पुष्टाहार वितरित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन योजना के तहत फार्म मशीनरी बैंक की स्थापना के लिए 40 प्रतिशत अनुदान पर पात्र किसानों को ट्रैक्टर की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। साथ ही प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के लाभार्थियों को भी स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ला ने किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, उपायुक्त मनरेगा आलोक पांडे, परियोजना निदेशक अनिल कुमार, उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य विजय मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।