शिलांग: मेघालय में मंगलवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। प्रस्तावित मंत्रिमंडल फेरबदल से ठीक पहले राज्य के आठ मंत्रियों ने मंत्रीपरिषद से इस्तीफा दे दिया। मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने राजभवन में राज्यपाल सी एच विजयशंकर से मुलाकात कर इन मंत्रियों के इस्तीफे सौंपे।

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार शाम 5 बजे राजभवन में नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।

इस्तीफा देने वाले मंत्री

मंत्रीपरिषद से इस्तीफा देने वालों में एनपीपी की अम्पारीन लिंगदोह, कॉमिंगोन यम्बोन, रक्कम ए. संगमा और अबू ताहिर मंडल, यूडीपी के पॉल लिंगदोह और किरमेन शायला, एचएसपीडीपी के शकलियार वारजरी और भाजपा के ए एल हेक शामिल हैं। इन इस्तीफों के बाद मंत्रिमंडल में नए चेहरों के शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है।

मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं ये नए चेहरे

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एनपीपी विधायक वैलादमिकी शायला, सोस्थनीस सोहतुन, ब्रेनिंग ए. संगमा और टिमोथी डी शिरा नए मंत्रियों के तौर पर शपथ ले सकते हैं।

यूडीपी प्रमुख मेतबाह लिंगदोह और पूर्व मंत्री लखमेन रिम्बुई को भी मंत्री पद की शपथ दिलाए जाने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि एचएसपीडीपी विधायक मेथोडियस दखार मंत्रिमंडल में शकलियार वारजरी की जगह लेंगे, जबकि भाजपा के सनबोर शुल्लई मंत्रिमंडल में ए एल हेक की जगह शपथ ले सकते हैं।

राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव

मंत्रियों के इस सामूहिक इस्तीफे को मेघालय की राजनीति में बड़ा फेरबदल माना जा रहा है। एनपीपी नीत मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार में इस बदलाव के बाद नई राजनीतिक समीकरणों के बनने की संभावना है।