उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को आधुनिक खेती की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए बड़ी पहल लेकर आई है। इस विशेष योजना के तहत किसानों को ट्रैक्टर, रोटावेटर, स्प्रेयर, मल्टी क्रॉप थ्रेशर और पावर टिलर जैसे जरूरी कृषि यंत्र 50 से 60 प्रतिशत तक की सब्सिडी पर दिए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य खेती को आसान, तेज और अधिक लाभदायक बनाना है।
सरकार चाहती है कि राज्य के किसान तकनीक आधारित खेती अपनाएं, जिससे उनकी मेहनत कम हो और उत्पादन बढ़े। योजना का सीधा मकसद कृषि क्षेत्र को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।
आधी कीमत में मिलेंगे कृषि औजार
योजना के तहत किसानों को तरह-तरह के आधुनिक कृषि औजार बेहद कम दामों में मिल रहे हैं। ट्रैक्टर, रोटावेटर, हैरो, स्प्रेयर और थ्रेशर जैसे औजार खेतों में काम को कई गुना तेज बना देते हैं।
कृषि अधिकारी भगवती प्रसाद के अनुसार, “योजना का उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और खेती को लाभदायक बनाना है। किसान किसी भी अधिकृत विक्रेता से औजार खरीदकर बिल जमा कर सकते हैं और विभाग से सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।”
आवेदन प्रक्रिया और अंतिम तिथि
इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है और 29 अक्टूबर रात 12 बजे तक जारी रहेगी। किसान विभाग की वेबसाइट agridarshan.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं या फिर नजदीकी CSC केंद्र पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
टोकन मनी और सब्सिडी नियम
•छोटे औजारों के लिए कोई टोकन मनी नहीं लगेगी।
•₹10,000 से ₹50,000 तक के औजारों पर ₹2,500 टोकन मनी।
•लाखों रुपये के यंत्रों पर ₹5,000 टोकन मनी।
•चयनित किसान अपनी पसंद की दुकान से औजार खरीद सकते हैं और इनवॉइस जमा कर सब्सिडी प्राप्त कर सकते हैं।
इस योजना के तहत किसानों को आधुनिक यंत्रों का लाभ मिलने से कृषि कार्यों में दक्षता और उत्पादकता दोनों बढ़ेंगी। सरकार का लक्ष्य है कि हर किसान तक तकनीक पहुंचे और खेती को आत्मनिर्भर बनाया जाए।