उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए गुरुवार (18 सितंबर 2025) को बड़ी राहत की खबर आई है। प्रदेश सरकार ने मोटे अनाज की खरीद के लिए तारीखों और न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का ऐलान कर दिया है। सरकारी बयान के अनुसार, इस साल मोटे अनाज की खरीद 1 अक्टूबर से शुरू होकर 31 दिसंबर 2025 तक चलेगी।
किसानों के पंजीकरण और शिकायत निवारण की सुविधा
सरकार ने बताया कि मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद के लिए किसानों का पंजीकरण एवं नवीनीकरण जारी है। किसान किसी भी समस्या के लिए टोल-फ्री नंबर पर संपर्क कर सकते हैं या जिला खाद्य विपणन अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अथवा विपणन निरीक्षक से भी संपर्क साध सकते हैं।
सीधे खाते में आएगी फसल की राशि
किसानों को भुगतान उनके आधार-लिंक्ड बैंक खातों में सीधे किया जाएगा। बिचौलियों को रोकने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए क्रय केंद्रों पर मोटे अनाज की खरीद ‘ई-पॉप’ (इलेक्ट्रॉनिक प्वाइंट ऑफ परचेज) उपकरण के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही की जाएगी।
बढ़ा हुआ न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP)
सरकार ने मोटे अनाज के लिए इस बार MSP भी बढ़ाया है।
•मक्का: ₹2400 प्रति क्विंटल
•बाजरा: ₹2775 प्रति क्विंटल
•ज्वार (हाइब्रिड): ₹3699 प्रति क्विंटल
•ज्वार (मालवांडी): ₹3749 प्रति क्विंटल
जिलावार खरीद व्यवस्था
•मक्का की खरीद: बदायूं, बुलंदशहर, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, आगरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, इटावा, बहराइच, गोंडा, बलिया, जौनपुर, फर्रुखाबाद, मीरजापुर, सोनभद्र, देवरिया और ललितपुर।
•बाजरा की खरीद: बदायूं, बुलंदशहर, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, हाथरस, एटा, बरेली, शाहजहांपुर, संभल, रामपुर, अमरोहा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद, औरैया, कन्नौज, इटावा, जालौन, हमीरपुर, चित्रकूट, गाजीपुर, जौनपुर, प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी, मीरजापुर, बलिया, हरदोई और उन्नाव।
•ज्वार की खरीद: बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहपुर, उन्नाव, हरदोई, मीरजापुर और जालौन।
सरकार का यह कदम प्रदेश के लाखों किसानों को राहत देने वाला साबित होगा।