उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। प्रदेश में यूरिया खाद की आपूर्ति को लेकर सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि आगामी दो से चार दिनों में राज्य को 40 नई यूरिया रैक प्राप्त होंगी। इससे किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से 20 अगस्त के बीच केंद्र सरकार द्वारा प्रदेश के लिए 204 यूरिया रैक डिस्पैच की गई थीं, जिनमें से 190 रैक पहुँच चुकी हैं और 14 रैक रास्ते में हैं। वहीं, नई 40 रैक जल्द राज्य को मिल जाएँगी।
 खाद का मौजूदा स्टॉक
•यूरिया: 5.95 लाख टन
•डीएपी: 3.9 लाख टन
•अन्य उर्वरक: पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध
शुक्रवार, 22 अगस्त को प्रदेश के विभिन्न जिलों में 15 रैक यूरिया भेजी गई है। इनमें फिरोजाबाद, इटावा, बाराबंकी, गोंडा, एटा, बदायूँ, अयोध्या, बस्ती, रामपुर, फतेहपुर, कानपुर, मैनपुरी, आजमगढ़, वाराणसी और मऊ शामिल हैं। यह रैक दो से तीन दिनों में पहुँच जाएगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि किसानों को किसी एक ब्रांड की खाद को प्राथमिकता देने की बजाय निकटतम केंद्र से आसानी से उपलब्ध यूरिया अथवा डीएपी का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आगामी फसलों के लिए खाद का अनावश्यक भंडारण न करें, ताकि सभी किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक समय पर उपलब्ध हो सके।
केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रदेश में खाद संकट से निपटने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के प्रयास कर रही हैं।
#UreaSupply #FarmersRelief #FertilizerAvailability #AgricultureNews #CropSupport #UPNews #KisanKhabar #KhalihanNews