गन्ने के रस का स्वाद अब हर मौसम में लिया जा सकेगा। इसके लिए गन्ना प्रजनन संस्थान, करनाल के वैज्ञानिकों ने गन्ने के रस का पाउडर तैयार किया है। यह पैकेट बंद होगा और इसकी वैधता निर्माण से छह महीने की होगी।

मिली जानकारी अनुसार यह रस पाउडर प्राकृतिक ही नहीं, बल्कि लेमन फ्लेवर में भी उपलब्ध रहेगा। वैज्ञानिकों का दावा है कि गन्ने का यह रस पाउडर पोषक तत्वों से परिपूर्ण रहेगा और जल्द ही बाजार में उपलब्ध होगा।

गन्ना प्रजनन संस्थान के करनाल स्थित क्षेत्रीय केंद्र के अध्यक्ष डॉ. एमएल छाबड़ा ने बताया कि रस पाउडर के जो पैकेट तैयार किए गए हैं, उसे 200 एमएल पानी में मिलाकर गन्ने का ताजा रस तैयार किया जा सकता है।

अब गन्ने का रस बेमौसम भी उपलब्ध हो सकेगा। डॉ. छाबड़ा ने बताया कि गन्ना प्रजनन संस्थान के डॉ. के हरि व अन्य वैज्ञानिकों ने मिलकर यह रस पाउडर तैयार किया है। इस पर वैज्ञानिकों की टीम लंबे समय से काम कर रही थी। इसकी पर्याप्त टेस्टिंग भी कर ली गई है।
वैज्ञानिकों ने गन्ने के रस में पोषक तत्वों का भी पूरा ध्यान रखा है, जो तत्काल ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि फिलहाल ये पैकेट ऑनलाइन शॉपिंग वाली वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध कराया जाएगा, लेकिन संस्थान ने इस तकनीक का एक निजी कंपनी के साथ हस्तांतरण करार किया है।