नई दिल्ली में रविवार (20 जुलाई, 2025) को हुई संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) की महासभा ने केंद्र सरकार को अमेरिका के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर आगे बढ़ने को लेकर सख्त चेतावनी दी है।
SKM ने सोमवार (21 जुलाई, 2025) को जारी बयान में कहा कि यह समझौता किसानों के हितों के खिलाफ है और इसके विरोध में देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
मोर्चा ने 13 अगस्त को ‘कॉरपोरेट्स भारत छोड़ो दिवस’ के रूप में मनाने का ऐलान किया। SKM ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ‘अमेरिकी साम्राज्यवाद’ के दबाव में आकर कृषि, डेयरी और खाद्य बाजारों को विदेशी कंपनियों के लिए खोलने जा रही है, जिससे किसानों और आम जनता को भारी नुकसान होगा।
बयान में कहा गया कि प्रस्तावित एफटीए 1 अगस्त, 2025 से लागू हो सकता है। इसके विरोध में किसान 13 अगस्त को देशभर में ट्रैक्टर/मोटर वाहन रैलियां, प्रदर्शन और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले दहन कर विरोध दर्ज कराएंगे।
मोर्चा ने 9 जुलाई को ट्रेड यूनियनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल की सफलता के लिए श्रमिक वर्ग को बधाई दी। SKM ने कहा, “यह नवउदारवादी नीतियों के खिलाफ 22वीं आम हड़ताल थी, जिसने यह साबित कर दिया कि देश के मेहनतकश वर्ग जनता विरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार हैं।”