भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में पहले वर्ष में 75 गांवों को लिया जा रहा है, जहां भारत व इजराइल कृषि और बागवानी के क्षेत्र में एक साथ काम करेंगे|

केंद्र सरकार ने इजरायल की तकनीकी सहायता से 12 राज्यों के 75 गांवों को ‘उत्कृष्ट गांव’ के रूप में बदलने का फैसला किया है।

इजरायल की सरकार भारत में पहले ही 12 राज्यों में 29 उत्कृष्टता केंद्रों की स्थापना कर चुकी है। ये केंद्र सब्जी के 2.5 करोड़ से अधिक पौधे और 3.87 लाख से अधिक गुणवत्ता वाले फलों के पौधों की उपज तैयार कर रहे हैं।

इन उत्कृष्टता केंद्रों के आसपास के करीब 150 गांवों को उत्कृष्ट गांवों के रूप में विकसित किया जाएगा। इनमें से 75 गांवों को भारत की आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में प्रथम वर्ष में शामिल किया जा रहा है। इसके लिए भारत और इजरायल मिलकर काम करेंगे।

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भारत और इजरायल के बीच राजनयिक संबंधों के 30 वर्ष पूरे होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए 12 राज्यों में 29 उत्कृष्टता केंद्रों के कामकाज पर संतोष व्यक्त किया।

भारत के गांवो की कायापलट के लिए भारत ने कृषि और बागवानी क्षेत्र में इज़रायल सरकार से कई समझौते किये हैं| इज़रायल ने भारत के विभिन्न राज्यों में अपने तकनीकि ज्ञान की मदद से भारतीय किसानों को पैदावार बढ़ाने के गुर सिखाये जा रहे हैं|