संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण चल रहा है, इस बीच प्राकृतिक खेती को लेकर सदन में उठाए गए एक सवाल का आज, कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने राज्यसभा में जवाब दिया।

ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 15वें वित्त आयोग की अवधि तक देश भर में एक करोड़ किसानों को प्राकृतिक खेती (एनएफ) अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु केंद्र प्रायोजित योजना के रूप में 25 नवंबर 2024 को राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएफ) को मंजूरी दी गई।

इस योजना का कुल परिव्यय 2481.00 करोड़ रुपये है। जिसमें केंद्र: राज्य का हिस्सा – पहाड़ी और पूर्वोत्तर राज्यों के लिए 90:10 और अन्य सभी राज्यों के लिए 60:40 का है। योजना के दिशा-निर्देश 26 दिसंबर 2024 को प्रसारित किए गए और अब तक 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सालाना कार्य योजना (एएपी) को मंजूरी दी गई है।

योजना के अनुमोदन के बाद से, वित्तीय वर्ष 2024-25 में, अनुमोदित एएपी के अनुसार विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को 177.78 लाख रुपये जारी किए गए हैं।

अन्य जानकारी अनुसार सदन में उठाए गए एक सवाल के जवाब में आज, कपड़ा राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरिटा ने राज्यसभा में बताया कि सरकार केंद्रीय रेशम बोर्ड के माध्यम से पूरे देश में रेशम उत्पादन उद्योग के समग्र विकास के लिए 4,679.85 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ रेशम समग्र-द्वितीय योजना को लागू कर रही है, जिसमें महिला लाभार्थियों की लगभग 55-60 फीसदी भागीदारी है।