बिज़नेस डेस्क – लगातार बारिश के कारण सब्जियों की सप्लाई प्रभावित होने से दिल्ली-एनसीआर में खुदरा बाजार में दाम लगभग दोगुने हो गए हैं। टमाटर, शिमला मिर्च, गोभी, भिंडी और धनिया जैसी रोज़मर्रा की सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं।
आज़ादपुर सब्जी मंडी के कारोबारियों के अनुसार, बारिश से सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं, जिससे मंडी में आवक घट गई है। हालांकि इस हफ़्ते कुछ सब्जियों के दामों में हल्की गिरावट आई है, लेकिन अगर बरसात जारी रही तो फिर से बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।

टमाटर सबसे महंगा
केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में टमाटर का औसत खुदरा भाव ₹73/किलो है, जबकि सरकारी एजेंसियां इसे ₹47–₹60 प्रति किलो बेच रही हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में भारी बारिश को इसका मुख्य कारण माना जा रहा है, जबकि चेन्नई और मुंबई जैसे शहरों में दाम स्थिर हैं।

तेल के दाम भी गरमाए
सब्जियों के साथ-साथ सरसों तेल की कीमतों में भी उछाल आया है। 15 दिन पहले ₹170/लीटर मिलने वाला तेल अब ₹195/लीटर हो गया है और व्यापारियों का अनुमान है कि यह जल्द ही ₹200 का आंकड़ा पार कर सकता है। उत्पादन अनुमान से कम सरसों की आवक को इसकी बड़ी वजह बताया जा रहा है।