हरियाणा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने एक्स पर पोस्ट कर गेहूं एवं सरसों की खरीद की तारीखों की जानकारी दी है। कृषि मंत्री ने एक्स पर ट्वीट कर जानकारी दी है कि पहले की तरह ही इस वर्ष भी प्रदेश की मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरसों की खरीद 26 मार्च 2024 से शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में गेहूं की खरीद पहली अप्रैल से शुरू होगी। राज्य सरकार की ओर से सरसों एवं गेहूं की एमएसपी पर खरीद की तैयारी पूरी कर ली है। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से खरीद केंद्र बनाए गए हैं जहां किसान अपनी फसल बेच सकते हैं।
केंद्र सरकार की ओर से सरसों का एमएसपी, रबी विपणन सीजन 2024 के लिए 5650 रुपए निर्धारित किया गया है जो पिछले सीजन से 200 रुपए अधिक है। ऐसे में किसानों से सरसों की खरीद इसी रेट पर की जाएगी। बता दें कि केंद्र सरकार की ओर से हर साल रबी व खरीफ सीजन के लिए बुवाई से पहले फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय किया जाता है और इसी मूल्य पर सभी राज्य सरकारें फसलों की खरीद करती हैं। हालांकि कई जगह राज्य सरकार अपने स्तर पर किसानों को बोनस की घोषणा भी करती है जिसका भुगतान राज्य सरकार की ओर से किसानों को अलग से किया जाता है।
सरसों की खरीद के नियमानुसार सरसों में नमी की मात्रा 8 प्रतिशत निर्धारित की हुई है। यदि इससे सरसों में नमी होती है तो उसके बाजार में कम भाव मिलते हैं। इसलिए सरसों बेचने ले जाने से पहले किसान अपनी सरसों की फसल को सही से सुखाकर विक्रय के लिए लेकर जाए।
हरियाणा में रबी सीजन की सरसों व गेहूं की MSP पर खरीद के लिए खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इसमें सिरसा जिले में 63 खरीद केंद्र बनाए गए जिसमें चार नए खरीद केंद्र शामिल हैं। जिनमें गांव अबुबशहर, बणी, अलिकां, बडागुढा, भावदीन, भूर्टवाला, बप्पां, चौटाला, चक्का, बिज्जूवाली, डबवाली, दडबी, देसूजोधा, धोलपातिया, डिंग, पतलीडाबर, ढूढियांवाली, ऐलनाबाद, फग्गू, गंगा, घोडांवाली, गोरीवाला, हैबूआना, झोरडरोही, जीवननगर, कालांवाली, कागदाना, कालूआना, कमाल, करीवाला, खारियां, कुरंगावाली, कुतियाना, कुत्ताबढ़, लोहगढ़, मल्लेकां, सिरसा, पन्नीवाला, मारीकां, थिराज, हस्सू, केवल, साहूवाला, सुरतिया, जगमालवाली, बनवाला में खरीद केंद्र बनाए गए हैं।
इसी प्रकार राज्य के अन्य जिलों में सरसों खरीद बनाए गए हैं। राज्य में हैफेड द्वारा ही नैफेड के लिए सरसों की खरीद की जाएगी। इसी प्रकार सरसों की खरीद के लिए 104 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हिसार जिले में सरसों की खरीद के लिए 13 खरीद केंद्र बनाए हैं जिसमें हिसार, उकलाना, बास, हांसी, आदमपुर, बरवाला, घिराय, अग्रोहा, सिसाय, खेडी, बालसमंद, लोहचब व लौहारीराघो आदि मंडियों में खरीद केंद्र स्थापित किए गए है।