कस्बा क्षेत्र के पकहा तिराहे के समीप सड़क किनारे वर्षों से जमा कचरे को प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के निर्देश पर तत्काल हटाए जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से कचरा जमा होने के कारण क्षेत्र में गंदगी फैल रही थी और दुर्गंध से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

यह मार्ग यूपी–बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण रास्ता है, जिससे होकर प्रतिदिन कुशीनगर जनपद के नारायनपुर कोठी और फाजिलनगर की ओर सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। पकहा तिराहा मोड़ के पास स्थित टैंपो स्टैंड के कारण यहां यात्रियों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की भी नियमित आवाजाही रहती है, जिससे समस्या और गंभीर बनी हुई थी।

मंगलवार को कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही बघौचघाट निवासी सपा के पूर्व पीआरओ बैद्यनाथ मिश्र की धर्मपत्नी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। इसी दौरान लौटते समय उनकी नजर पकहा मोड़ के पास सड़क किनारे जमा कचरे पर पड़ी। स्थिति को देखते हुए उन्होंने तुरंत संबंधित अधिकारियों को मौके पर सफाई कराने का निर्देश दिया।

मंत्री के निर्देश पर न केवल सड़क किनारे जमा कचरा हटाया गया, बल्कि समीप स्थित सार्वजनिक शौचालय की भी साफ-सफाई कराई गई। साथ ही शौचालय के क्षतिग्रस्त हिस्सों को शीघ्र ठीक कराकर उसे पुनः चालू कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए गए।

स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई के लिए कृषि मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहेगी और आमजन को लंबे समय से चली आ रही समस्या से निजात मिली है।